Rajasthan News सामूहिक खुदकुशी या हादसा,एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत
जैसलमेर। जिले के रामदेवरा थाना क्षेत्र के लोहारकी गांव में रविवार रात एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां एक ही परिवार के चार सदस्यों की पानी के टांके में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 9 बजे जसराज के भाई ने उसे पानी के टांके की ओर जाते देखा और शोर मचाया। परिजन व ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक चारों पानी में डूब चुके थे। ग्रामीणों की मदद से सभी को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही रामदेवरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना कर साक्ष्य जुटाए और चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया।
मृतकों की पहचान जसराज पुत्र जुगताराम सुथार (29), उनकी पत्नी निरमा सुथार (25), पुत्र भरत (10) और पुत्री मनीषा (5) के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है। घटना के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। शुरुआती जांच में आत्महत्या की आशंका सहित विभिन्न पहलुओं की जांच की जा रही है, हालांकि पुलिस ने अभी किसी निष्कर्ष की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। इस दर्दनाक घटना से परिवार और गांव में गहरा शोक व्याप्त है।

