Movie prime

Rajasthan Politics:पूर्व विधायक एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता का हार्ट अटैक से निधन

 
,,

अजमेर। अजमेर जिले के मसूदा विधानसभा क्षेत्र से पूर्व विधायक एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ब्रह्मदेव कुमावत का रविवार (27 जुलाई) को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। उनके निधन की खबर से मसूदा विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे अजमेर जिले में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार, रविवार को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें बांदनवाड़ा से नसीराबाद उपजिला चिकित्सालय ले जाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें अजमेर के जेएलएन अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनका निधन हो गया।

ब्रह्मदेव कुमावत अपने पीछे चार बेटों और भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनकी पत्नी मुन्नी देवी कुमावत का पूर्व में ही निधन हो चुका था।

जनता से था गहरा जुड़ाव

ब्रह्मदेव कुमावत का जन्म 30 नवंबर 1959 को अजमेर जिले की भिनाय तहसील के बांदनवाड़ा गांव में हुआ था। वे मसूदा विधानसभा क्षेत्र से विधायक रहे और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं में उनकी पहचान थी। क्षेत्र के विकास कार्यों और आमजन से सीधे जुड़ाव के कारण वे लोगों के बीच काफी लोकप्रिय थे।

उनके निधन पर कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उनके निधन को मसूदा क्षेत्र की राजनीति और सामाजिक जीवन के लिए अपूरणीय क्षति बताया जा रहा है।