कोलकाता के 40 गोभक्त परिवारों ने बीकानेर में की सामूहिक गोसेवा, गोशाला में हुआ भव्य सम्मान
THE BIKANER NEWS:-बीकानेर। गजनेर रोड स्थित श्रीगंगा जुबली पिंजरापोल गोशाला में संचालित गोसेवा अभियान के अंतर्गत मंगलवार को कोलकाता से आए 40 गोभक्त परिवारों ने सामूहिक गोसेवा कर सेवा और श्रद्धा का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया। बालसंत डॉ. छैल बिहारी महाराज के सानिध्य तथा गोसेवी देवकिशन चांडक ‘देवश्री’ के संयोजन में पिछले 45 महीनों से प्रतिदिन 14 क्विंटल गुड़ मिश्रित लापसी प्रसादी का महा-अभियान निरंतर चल रहा है।
इसी सेवा अभियान के तहत मंगलवार को कोलकाता के घनश्याम दास पुगलिया टीम के 40 गोभक्त परिवार विशेष रूप से बीकानेर पहुंचे और सामूहिक गोसेवा महाप्रसादी का आयोजन किया। इस अवसर पर गोशाला परिवार ने सभी अतिथियों का माल्यार्पण, शाल एवं ‘गोनाम पटका’ पहनाकर भव्य स्वागत और सम्मान किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बालसंत डॉ. छैल बिहारी महाराज ने कहा कि अपनी जन्मभूमि से दूर रहकर भी निस्वार्थ भाव से गोसेवा से जुड़े रहना अत्यंत प्रेरणादायक है। उन्होंने प्रवासी गोभक्तों की सेवा भावना की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए अनुकरणीय बताया।
अभियान के संयोजक देवकिशन चांडक ‘देवश्री’ ने बताया कि घनश्याम दास पुगलिया टीम प्रतिमाह नियमित रूप से अपना सहयोग देकर इस पावन गोसेवा अभियान को निरंतर मजबूती प्रदान कर रही है। उन्होंने सभी गोभक्त परिवारों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे सहयोग से गोसेवा का यह महाअभियान निरंतर आगे बढ़ रहा है।
यह आयोजन गोमाता के प्रति श्रद्धा, सेवा और समर्पण का संदेश देने के साथ-साथ प्रवासी समाज के अपनी संस्कृति, धर्म और जन्मभूमि से अटूट जुड़ाव का भी प्रेरक उदाहरण बनकर सामने आया।

