Movie prime

रक्तवीर सेवा संस्था बीकानेर टीम कि प्रेरणा से टोकलाधाम बाबा रामदेव मंदिर में भामाशाह सिराजुद्दीन पंवार ने भेंट किया वाटर कूलर

 
,,
THE BIKANER NEWS:  'नर सेवा ही नारायण सेवा' के मूल मंत्र को आत्मसात करते हुए समाजसेवा के क्षेत्र में अग्रणी 'रक्तवीर सेवा संस्था, बीकानेर' ने क्षेत्र में सांप्रदायिक सौहार्द और मानवता की एक अनूठी मिसाल पेश की है। संस्था के कोषाध्यक्ष व भामाशाह श्री सिराजुद्दीन जी पंवार, निवासी सूडसर, श्रीडूंगरगढ़ ने अपने पूज्य माता-पिता की पावन स्मृति में श्री टोकलाधाम स्थित बाबा रामदेव जी मंदिर परिसर में ₹1,00,000/- (एक लाख रुपए) की लागत से निर्मित एक आधुनिक वाटर कूलर सप्रेम भेंट किया है।संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि श्री टोकलाधाम मार्ग से होकर हर वर्ष रूणिचा (रामदेवरा), माता देशनोक और भादरिया धाम जाने वाले हजारों पैदल श्रद्धालु (जातरू) गुजरते हैं। मंदिर प्रांगण में वाटर कूलर लग जाने से इन श्रद्धालुओं सहित को अब 24 घंटे स्वच्छ एवं शीतल पेयजल उपलब्ध हो सकेगा। भीषण गर्मी में यह मशीन वरदान साबित होगी। वाटर कूलर का लोकार्पण श्री टोकलाधाम मंदिर के मुख्य पुजारी श्री गोपाल जी राजपुरोहित के पावन सानिध्य एवं दिव्य आशीर्वाद से संपन्न हुआ। इस अवसर पर भामाशाह श्री सिराजुद्दीन पंवार और रक्तवीर संस्था के इस पुनीत कार्य की सराहना की। ग्रामीणों ने सभी अतिथियों का पारंपरिक रूप से मान-सम्मान व स्वागत किया। इस सेवा कार्य के दौरान रक्तवीर सेवा संस्था के अध्यक्ष राजेश गोदारा सुपुत्र श्री मूलाराम गोदारा, रक्तवीर ओंकारनाथ सिद्ध, डालचंद पाणेचा, सिकंदर अली, भंवरू खाँन पंवार तथा शौकत अली भाटी , अब्दुल कलाम आमिर अली , अरविल मनु नाथ सिद्ध सहित संस्था के कई सदस्य व सेवाभावी युवा उपस्थित रहे।रक्तवीर संस्था के अध्यक्ष राजेश गोदारा ने टोकला ग्रामवासियों एवं पुजारी श्री गोपाल जी राजपुरोहित द्वारा दिए गए अपार स्नेह और सम्मान के लिए पूरी टीम की तरफ से आभार व्यक्त किया। उन्होंने बाबा रामदेव जी महाराज से भामाशाह श्री सिराजुद्दीन जी, सुपुत्र श्री फेजू खाँन जी पंवार तथा समस्त रक्तवीर योद्धाओं के परिवारों की खुशहाली और तरक्की की प्रार्थना की। उन्होंने कहा, "सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है और रक्तदान की तरह जलदान भी महादान है।"