राजस्थान:-राम जी की शोभायात्रा में पथराव से कई लोग घायल, मौके पर भारी पुलिस जाब्ता तैनात

राजस्थान खबर:- राजस्थान में लोकसभा चुनाव के पहले चरण का नामांकन समाप्त हो गया है। नामांकन समाप्ति के बाद ही राजस्थान में अचानक माहौल तनाव पूर्ण हो गया है। प्रदेश के कोटा जिले में राम बारात के दौरान एक पक्ष के लोगों ने पथराव कर दिया। जिससे कई लोगों के घायल होने की सूचना आ रही है। मौके पर भारी पुलिस जाब्ता पहुंच गया है। अभी तनावपूर्ण लेकिन शांति का माहौल है।
जानकारी के अनुसार कोटा जिले के कैथून में राम बारात की शोभायात्रा निकाली जा रही थी। श्रद्धालु डीजे बजाते हुए नाचते—गाते जा रहे थे। इसी दौरान एक समुदाय के लोगों ने पथराव कर दिया। अचानक हुए पथराव से वहां भगदड़ मच गई। उपद्रवियों ने डीजे के चालक से की मारपीट, लेपटॉप और माइक तोड़ लूटपाट की गई। आयोजकों के अनुसार राम बारात में शामिल महिलाओं के साथ भी मारपीट की गई। पथराव और भगदड़ में कई लोग घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
सूचना मिलते ही पुलिस का जाप्ता मौके पर पहुंचा। कोटा जिले के एसपी करण शर्मा भी मौके पर पहुंच गए। तत्काल स्पेशल पुलिस फोर्स का जाप्ता भी रवाना कर दिया गया है। पुलिस दोनों पक्षों के लोगों से वार्ता कर रही है। पुलिस ने लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।